सारंगढ़ फॉरेस्ट क्षेत्र से संबंधित विभागीय पदस्थ वनपाल पर रिश्वत के गंभीर आरोप…वीडियो हुआ वायरल
सारंगढ़ बिलाईगढ़ – सारंगढ़ वनमंडल क्षेत्र में पदस्थ एक वनपाल (फॉरेस्टर) सिपाही का अज्ञात व्यक्ति से पैसे लेते हुए गिनकर जेब में रखते हुए वीडियो सामने आया है।
बता दें कि मामला उड़नदस्ता मुख्यालय सारंगढ़ का है। जहां कार्यरत वनपाल श्री मृगेन्द्र निराला पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। वहीं बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो के सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, हालांकि यह वाक्या कब का है इसकी पुख्ता जानकारी तो मामले की तफ़्तीश से जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस वीडियो में उड़नदस्ता दल के सहायक और वनपाल श्री मृगेन्द्र निराला किसी अज्ञात व्यक्ति से नगद राशि लेते नज़र आ रहे हैं और उसे गिनकर अपनी जेब में रखते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
अगर यह मामला वास्तव में किसी मुद्दे को लेकर पैसे लेने वाले भ्रष्टाचार का है तो इस मामले में आरोपित उड़नदस्ता के कर्मचारी पर संवैधानिक प्रक्रिया के उचित कार्यवाही के लिए तत्काल आदेश जारी किये जाने चाहिए़।
इस संवेदनशील मुद्दे पर उड़नदस्ता प्रभारी की ओर से भी बयान आया है जिसमें उन्होंने यह स्पष्ट किया है कि यदि वनपाल द्वारा ऐसा कदाचरण और भ्रष्ट कृत्य किया गया है, तो उनके खिलाफ त्वरित दंडात्मक कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को पत्र लिखा जाएगा।
*उड़नदस्ता दल से हटाने की मांग_

मामला उजागर होने के बाद, प्रभारी उड़नदस्ता दल ने 04 मई 2026 को वनमण्डलाधिकारी (DFO) को एक आधिकारिक पत्र भेजा है जिसमें उन्होंने यह निवेदन किया है कि आरोपी वनपाल श्री मृगेन्द्र निराला को तत्काल प्रभाव से उड़नदस्ता दल से पृथक (हटाया) किया जाए और उनका स्थानांतरण किसी अन्य स्थान पर कर दिया जाए ताकि निष्पक्ष माहौल बना रहे।
उपवनमंडलाधिकारी को सौंपी गई जांच

इस पूरे घटनाक्रम पर वन विभाग ने त्वरित रुख अपनाया है। उड़नदस्ता प्रभारी के पत्र (क्रमांक/जा./23) का संज्ञान लेते हुए इस मामले की आधिकारिक जांच उपवनमंडलाधिकारी (SDO), उपवनमंडल सारंगढ़ को सौंप दी गई है।
अब देखना यह होगा कि उपवनमंडलाधिकारी की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषी कर्मचारी पर प्रशासन द्वारा क्या कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है। इस घटना के बाद से स्थानीय वन अमले में हड़कंप का माहौल है।
